Fri. Nov 27th, 2026

कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर प्रशासन अलर्ट, कर्णवास के गंगा घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

 

एसडीएम, सीओ और थाना प्रभारी ने किया घाटों का निरीक्षण; 7 नावों और 14 गोताखोरों की तैनाती, श्रद्धालुओं से बैरिकेडिंग के अंदर ही स्नान करने की अपील।

 

कर्णवास (बुलंदशहर)। विधानसभा डिबाई क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक गांव कर्णवास में 24 नवंबर को होने वाले कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग ने गंगा घाटों पर सुरक्षा एवं सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए हैं।

 

इसी क्रम में एसडीएम राकेश कुमार मिश्रा, सीओ मधुप कुमार सिंह, थाना प्रभारी विशाल प्रताप सिंह तथा कर्णवास चौकी प्रभारी चंद्रपाल लोधी ने गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

गंगा में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग कराई गई है। इसके साथ ही वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। नमामि गंगा घाट पर बचाव कार्य के लिए 7 नावों और 8 गोताखोरों की तैनाती की गई है। गोताखोरों के लिए सेफ्टी जैकेट सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था भी की गई है

 

रात्रि में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए सभी प्रमुख गंगा घाटों पर प्रकाश व्यवस्था कराई गई है, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो

 

चौकी प्रभारी ने की अपील

 

कर्णवास चौकी प्रभारी चंद्रपाल लोधी ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि कोई भी श्रद्धालु गहरे पानी में स्नान न करे। सभी श्रद्धालु प्रशासन द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग के अंदर ही स्नान करें उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और किसी को भी परेशानी नहीं होने दी जाएगी

 

कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *